फिरोजाबाद। जनपद की निजी एवं प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्रियों में श्रमिकों को शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी का पूरा भुगतान न किए जाने का आरोप लगाते हुए भारतीय किसान क्रांति यूनियन की मजदूर सभा ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
जिला अध्यक्ष राहुल यादव एडवोकेट ने ज्ञापन में कहा कि विभिन्न फैक्ट्रियों में कार्यरत कई श्रमिकों को निर्धारित मजदूरी के बजाय कथित तौर पर 250 से 300 रुपये प्रतिदिन तक ही भुगतान किया जा रहा है। इससे श्रमिकों के अधिकारों का हनन हो रहा है। ज्ञापन में मांग की गई कि श्रम विभाग के माध्यम से संबंधित फैक्ट्रियों की तत्काल जांच कराई जाए। श्रमिकों के उपस्थिति रजिस्टर, हस्ताक्षर, वेतन अभिलेख और बैंक खातों में किए गए भुगतान का सत्यापन कराया जाए।
साथ ही ठेकेदारों द्वारा कम मजदूरी पर श्रमिकों से काम कराने के आरोपों की भी निष्पक्ष जांच कराई जाए। यूनियन ने कहा कि शिकायतों से संबंधित साक्ष्य और प्रमाण आवश्यकता पड़ने पर प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे। ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो संगठन श्रमिकों के हित में लोकतांत्रिक तरीके से धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होगा।








