-भाजपा ने मौन जुलूस निकालकर शहीदों को दी श्रद्धांजलि
फिरोजाबाद। भारतीय जनता पार्टी महानगर द्वारा भारत विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर तुलसी पैलेस में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें वक्ताओं ने वर्ष 1947 के विभाजन के दौरान विस्थापित हुए परिवारों तथा अपने प्राण गंवाने वाले लोगों की पीड़ा को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद मौन जुलूस निकाला गया।
मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश मंत्री अंकुर शर्मा ने कहा कि वर्ष 1947 का भारत विभाजन भारतीय इतिहास की अत्यंत पीड़ादायक घटनाओं में से एक है। विभाजन के दौरान लाखों लोगों को विस्थापन, हिंसा और असहनीय पीड़ा का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को इतिहास के इस कड़वे अध्याय से परिचित कराना आवश्यक है, ताकि देश की एकता और अखंडता के प्रति हमारी प्रतिबद्धता और मजबूत हो। सदर विधायक मनीषा असीजा ने कहा कि विभाजन की त्रासदी को केवल इतिहास की घटना मानकर भुलाया नहीं जा सकता। यह उन परिवारों की पीड़ा और संघर्ष की कहानी है, जिन्होंने अपना घर-बार और अपनों को खोया। हमें इस इतिहास से सीख लेते हुए सामाजिक समरसता, भाईचारे और राष्ट्र की एकता को और मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए।
भाजपा महानगर अध्यक्ष डॉ. सतीश दिवाकर ने कहा कि विभाजन की पीड़ा को स्मरण करना किसी के प्रति वैमनस्य पैदा करना नहीं, बल्कि इतिहास से सीख लेकर भविष्य को बेहतर बनाना है। देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करना हम सभी का दायित्व है। संगोष्ठी के उपरांत तुलसी पैलेस से जैन मंदिर चौराहे तक मौन जुलूस निकाला गया। हाथों में तिरंगा लेकर कार्यकर्ता मौन रहकर विभाजन की त्रासदी में काल-कवलित हुए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए आगे बढ़े। जुलूस के माध्यम से देश की एकता, अखंडता, सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश दिया गया।








