फिरोजाबाद। अखिल भारतीय राज्य पेंशनर्स फेडरेशन एवं सेवा निवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन के तत्वावधान में पेंशनर्स की 12 सूत्रीय मांगों को लेकर 29 सितंबर को जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा जाएगा।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि सरकार कर्मचारियों और पेंशनर्स के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सेवा निवृत्त कर्मचारियों को असहाय और निष्प्रयोज्य समझने की भूल सरकार न करे। पेंशनर्स परिवार के मुखिया के रूप में आज भी समाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार यादव तथा जिला मंत्री विजेंद्र सिंह के नेतृत्व में जिलेभर के पेंशनर्स धरना-प्रदर्शन में शामिल होंगे।
पेंशनर्स की प्रमुख मांगों में वित्त विभाग के विधेयक-2025 में तिथि के आधार पर किए जा रहे विभेद को समाप्त करने तथा पुराने पेंशनर्स को आठवें वेतन आयोग के दायरे में शामिल करने सहित 12 सूत्रीय मांगें शामिल हैं। बैठक में संरक्षक दर्शन सिंह, अजब सिंह, मीडिया प्रभारी प्रेम प्रकाश कुशवाह सहित तहसीलों के पदाधिकारी मौजूद रहे।









