फिरोजाबाद: प्रभु श्रीराम की सेवा का अवसर मिलना मेरे लिए गौरव और सौभाग्य की बात-डा निर्मला यादव

-राम मंदिर ट्रस्ट में शामिल होने के बाद डॉ. निर्मला यादव का एमजी बालिका महाविद्यालय में हुआ भव्य स्वागत

फिरोजाबाद। अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर ट्रस्ट में शामिल होने के बाद एमजी डिग्री कॉलेज की पूर्व प्राचार्य डॉ. निर्मला यादव का गुरुवार को कॉलेज प्रशासन की ओर से भव्य स्वागत किया गया। कॉलेज परिसर में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में शिक्षक, कर्मचारी और अन्य लोगों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए शुभकामनाएं दीं। उनके ट्रस्ट में शामिल होने से कॉलेज परिवार में खुशी का माहौल रहा।

डॉ. निर्मला यादव को राम मंदिर ट्रस्ट में शामिल होने वाली पहली महिला सदस्य बताया जा रहा है। स्वागत के दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए ट्रस्ट में मिली जिम्मेदारी को अपने लिए गौरव और सौभाग्य का विषय बताया। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम उनके हृदय में बसते हैं और शायद इसी वजह से उन्हें श्रीराम की सेवा करने का यह अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, जिनमें महिलाओं की संख्या भी काफी अधिक रहती है। ऐसे में ट्रस्ट में महिलाओं की भागीदारी बढ़ना जरूरी है। महिलाओं से जुड़ी सुविधाओं और उनकी आवश्यकताओं को ट्रस्ट की बैठकों में प्रमुखता से रखा जाएगा।

राम मंदिर आने वाली महिला श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जो भी आवश्यक कदम होंगे, उन्हें उठाने का प्रयास करेंगी। उनका प्रयास रहेगा कि महिलाओं को दर्शन, विश्राम, सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं के मामले में किसी तरह की परेशानी न हो। इस दौरान कॉलेज के शिक्षकों और कर्मचारियों ने डॉ. निर्मला यादव का स्वागत करते हुए कहा कि उनके ट्रस्ट में शामिल होने से फिरोजाबाद और कॉलेज परिवार का गौरव बढ़ा है। सभी ने उनके सफल कार्यकाल की कामना करते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान पीके जिंदल, प्रदीप गुप्ता, पम्मी मित्तल, राजेंद्र बंसल, डीएन शर्मा, अनिल उपाध्याय, सतीश चंद्र गुप्ता, अनुपम गुप्ता, राजेंद्र कुमार जैन, अनूप चंद्र जैन एड आदि मौजूद रहे।

Ravi Kumar
Ravi Kumar
Articles: 343

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *