फिरोजाबाद। पर्यावरण संरक्षण, हरित वातावरण को बढ़ावा देने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जायंट्स ग्रुप ऑफ फिरोजाबाद महिला शक्ति द्वारा फिरोजाबाद क्लब में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। साथ ही तुलसी के पौधो का वितरण किया गया। महिला शक्ति की सदस्यों ने कहा कि वृक्ष प्रकृति का अनमोल उपहार हैं। वे हमें शुद्ध वायु, छाया एवं स्वस्थ वातावरण प्रदान करने के साथ-साथ पर्यावरण के संतुलन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनकी नियमित देखभाल करना भी हमारी जिम्मेदारी है। इस अवसर पर अध्यक्षा सीमा अग्रवाल, प्रशासनिक निदेशिका दीपाली सिंघल एवं वित्त निदेशिका गौरी बंसल ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।







