-भक्तों ने राधारानी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना
फिरोजाबाद। राधाष्टमी का पर्व शनिवार को शहर में श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न मंदिरों में राधारानी की विशेष पूजा-अर्चना की गई। मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा राधारानी का मनमोहक श्रृंगार किया गया। दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही।

राधाष्टमी के अवसर पर महिलाओं ने व्रत रखकर राधारानी की विधि-विधान से पूजा की। मंदिरों में भजन-कीर्तन एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। भक्तों ने राधारानी के जयकारे लगाते हुए सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की। शहर के प्रमुख राधाकृष्ण मंदिर में राधारानी का पंचामृत अभिषेक कर विशेष पूजन किया गया। इसके बाद फूलों एवं रंग-बिरंगे वस्त्रों से राधारानी का श्रृंगार किया गया।

इसके अलावा कृष्णा पाड़ा स्थित बांके बिहारी मंदिर, द्वारिकाधीश, राधामोहन मंदिर, स्टेशन रोड स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर में राधारानी का श्रृंगार कर भव्य फूल बंगला सजाया गया। मंदिरों में राधारानी के दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा। राधारानी की आरती कर भक्तों को प्रसाद वितरण किया गया। धर्माचार्यों ने राधाष्टमी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राधारानी भगवान श्रीकृष्ण की परम भक्त एवं प्रेम की साक्षात प्रतिमूर्ति हैं। राधारानी की भक्ति करने से मन को शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त होती है।







