फिरोजाबाद। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 47 के पार्षद लाला राईन सोमवार को अपने वार्ड की खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत की मांग को लेकर नगर निगम परिसर में धरने पर बैठ गए। उनका कहना है कि वार्ड में लंबे समय से कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें खराब हैं, जिससे रात के समय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और दुर्घटना व असामाजिक तत्वों की गतिविधियों का खतरा भी बढ़ गया है। धरने पर बैठे पार्षद ने आरोप लगाया कि कई बार नगर निगम अधिकारियों को शिकायत देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं कराया गया। उन्होंने कहा कि वार्डवासियों की सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए खराब स्ट्रीट लाइटों की तत्काल मरम्मत कराई जाए। धरने की सूचना मिलने पर नगर निगम के अधिकारियों ने पार्षद से वार्ता कर जल्द ही खराब लाइटों की मरम्मत कराने का आश्वासन दिया। पार्षद ने कहा कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वह वार्डवासियों के साथ मिलकर आंदोलन को और तेज करेंगे।







