-पात्र लाभार्थियों तक शासकीय योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता और समयबद्धता से पहुंचे
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी ने खाद्य एवं रसद विभाग की सतर्कता समिति एवं सिंगल स्टेज डोर स्टेप डिलीवरी व्यवस्था की बैठक में जनपद में राशन कार्डों की स्थिति, खाद्यान्न वितरण, ई-पॉस व ई-वेइंग मशीनों की कार्यप्रणाली, अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण तथा उचित दर दुकानों के निलंबन व निरस्तीकरण मामलों की गहन समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलैक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि दोपहर 2.30 से 3 बजे तक गोदाम से ट्रकों में राशन लोड करके डिस्पैच कर दिया जाए, ताकि गाड़ियां रास्ते या कहीं भी बेवजह न रुकें। पूरी प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी होनी चाहिए और किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनपद में पात्र लाभार्थियों तक शासकीय योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पहुंचना चाहिए। 30 दिवस से अधिक समय से लंबित पड़े राशन कार्ड आवेदनों को मिशन मोड में लेकर तत्काल निस्तारित किया जाए।
निर्माणाधीन अन्नपूर्णा भवनों का कार्य शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि जनप्रतिनिधियों व स्थानीय प्रशासन की गरिमामयी उपस्थिति में इनका लोकार्पण कराकर इन्हें आमजन की सेवा में समर्पित किया जा सके। इसके साथ ही निलंबित व निरस्त दुकानों के मामलों में नियमानुसार शीघ्र सुनवाई कर पारदर्शी तरीके से बहाली अथवा नए आवंटन की प्रक्रिया पूरी की जाए। यदि राशन उठाने में देरी होती है या किसी प्रकार की समस्या आती है, तो संबंधित पूर्ति निरीक्षक को तुरंत सूचित किया जाए। जिलाधिकारी के हाथों सुनीता देवी, लवि कुमारी, उर्मिला, नीतू, गुड्डी देवी, लक्ष्मी देवी, प्रीति देवी, दुर्गेश कुमार, अनीस अहमद, अफसा परवीन को अंत्योदय कार्ड वितरित किए गए।








