आगरा। आयुक्त सभागार में मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड एवं मण्डलीय विकास कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा की गयी। विगत माह की अपेक्षा इस माह में रैंक में आगरा रैंक 71 वें, मथुरा की 60, फिरोजाबाद की 28 और मैनपुरी 44 वें स्थान पर रहा। फिरोजाबाद और मथुरा की रैंक में सुधार हुआ। रैकिंग में सुधार लाने हेतु आयुक्त आगरा ने सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित विकास कार्यक्रमों की तुलनात्मक समीक्षा की गयी।
अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के अन्तर्गत दशमोत्तर छात्रवृत्ति में आगरा और मथुरा तथा पूर्व दशम छात्रवृत्ति योजना में आगरा जिले की प्रगति खराब रही। ग्राम्य विकास में आगरा, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति में मैनपुरी, नियोजन विभाग के फैमिली आईडी में आगरा, 15वाँ वित्त आयोग में मैनपुरी, पिछड़ा वर्ग कल्याण में आगरा व मथुरा, महिला एवं बाल विकास में आगरा व मैनपुरी, आईसीडीएस पोषण अभियान में आगरा व मैनपुरी की प्रगति खराब रही। उक्त विभागों को संबंधित योजनाओं की प्रगति में सुधार लाने के निर्देश दिए गए। पीडब्लूडी के अंतर्गत आगरा में सेतुओं के निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा। समाज कल्याण में छात्रवृत्ति योजना, पारिवारिक लाभ योजना की प्रगति में सुधार लाने के निर्देश दिए। लोक शिकायत में निर्माण कार्यों से जुड़ी लंबित परियोजनाओं कार्य त्वरित व गुणवत्तापूर्ण कर चारों जिलों की रैकिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए।
मण्डलीय विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए आगरा, और फिरोजाबाद में लक्ष्य के अनुरूप निर्माणाधीन वृहद गौसंरक्षण केन्द्र के फरवरी माह में ही कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। गौशाला से लिंक गोचर भूमि के क्षेत्रफल से आधे क्षेत्र में हरा चारा बोए जाने पर आयुक्त आगरा ने सीडीओ को लिंक गोचर भूमि का सर्वे कराने के निर्देश दिए। मथुरा और फिरोजाबाद के अवशेष गोवंश आश्रय स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। गोवंश के भरण पोषण हेतु मथुरा और फिरोजाबाद में पांच मार्च तक लंबित विगत माह का भुगतान कर दिया जाए। निर्धारित लक्ष्य से पीछे रहने पर आगरा और फिरोजाबाद में पशु टीकाकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। बकरी एवं भेड़ यूनिटों की स्थापना की प्रगति की समीक्षा करते हुए लाभार्थी चयन उपरान्त यूनिट स्थापना संबंधी आवश्यक कार्यवाही की जाए यह निर्देश भी दिए।
पंचायती राज की समीक्षा में मथुरा में डिजीटल लाइब्रेरी में अन्य प्रकाशकों की पुस्तक चयन करने की प्रगति हेतु कार्यवाही के निर्देश दिए। लक्ष्य के अनुरूप अंत्येष्टि स्थल बनाये जाने हेतु आगरा में अवशेष 3 स्थलों का चयन किया जाए। जीरो पावर्टी खाद्य एवं रसद विभाग में पात्र परिवारों में राशन कार्ड के लिए आवेदन लंबित सात प्रकरणों का निस्तारण किया जाए। शिक्षा विभाग में मण्डल में अवशेष 08 परिषदीय विद्यालयों को बाउण्ड्रीवॉल निर्माण से संतृप्त किया जाए। फर्नीचर पैरामीटर्स में फिरोजाबाद जनपद की तर्ज पर मण्डल के अन्य जिलों में भी सभी विद्यालयों को फर्नीचर से पूर्ण संतृप्त बनाए जाने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य विभाग में आयुष्मान भारत में वरिष्ठ नागरिकों के जन आरोग्य योजना के तहत कार्ड बनाए जाने के कार्य में तेजी लाई जाए। पीएम सूर्य घर योजना मुफ्त बिजली योजना में निर्देश दिए कि जिले वार मासिक प्रगति की रिपोर्ट अगली बैठक में प्रस्तुत की जाए। सोलर रूफ टॉप की स्थापना हेतु 25 कि0वा0 से अधिक क्षमता के कुल सरकारी भवनों की सूची उपलब्ध करायी जाए। कृषि विभाग के अन्तर्गत मथुरा जिले में किसान पंजीयन प्रगति में तेजी लाई जाए। ग्राम्य विकास के तहत सीएम आवास ग्रामीण में स्वीकृत आवासों के अपेक्षा मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी में शत प्रतिशत प्रथम किश्त निर्गत करने के निर्देश दिए। बैंक क्रेडिट लिंकेज में फिरोजाबाद और मैनपुरी की प्रगति में सुधार लाया जाए। डे एनआरएलएम में मथुरा और फिरोजाबाद की प्रगति में तेजी लाई जाए। उद्योग विभाग में ओडीओपी वित्त पोषण हेतु सहायता योजना में मथुरा में पूर्ण लक्ष्य की प्राप्ति की जाए।
महिला कल्याण के अन्तर्गत रानी लक्ष्मीबाई योजना की समीक्षा में विगत दिसंबर माह से जनवरी माह में प्रकरणों के कम निस्तारण होने पर निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रकरणों के निस्तारण में तेजी लाई जाए। शादी अनुदान योजना में मथुरा में सबसे कम व्यय होने पर ज्यादा से ज्यादा आवेदन कराये जाने के प्रयास किए जाएं। समाज कल्याण विभाग की समीक्षा की गयी। निर्देश दिए पिछड़ा वर्ग के अन्तर्गत शादी अनुदान में मथुरा और मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह अनुदान योजना में आगरा और फिरोजाबाद में आवंटन के सापेक्ष व्यय प्रतिशत की प्रगति में सुधार लाया जाए। खाद्य रसद में निलबिंत राशन दुकानों के अवशेष सभी प्रकरणों का निस्तारण किया जाए।
मण्डल में 50 करोड़ की लागत से ऊपर की योजनाओं की समीक्षा की गई। आगरा मण्डल में कार्यदायी संस्था पीडब्लूडी, सेतु निगम, जल निगम नगरीय, जल निगम ग्रामीण, राजकीय निर्माण निगम, सी एंड डी एस आदि से संबंधित जो परियोजनाएं वर्तमान वित्तीय वर्ष में पूर्ण हो रही हैं अथवा किन्हीं कारणों से परियोजना कार्य में बाधा आने पर आयुक्त की अध्यक्षता में ही अलग से बैठक कर समीक्षा किए जाने के निर्देश दिए।
बैठक में संयुक्त विकास आयुक्त उमेश मणि त्रिपाठी, जिलाधिकारी आगरा अरविंद मलप्पा बंगारी, जिलाधिकारी मैनपुरी अंजनी कुमार सिंह एवं जिलाधिकारी फिरोजाबाद रमेश रंजन, मुख्य विकास अधिकारी आगरा श्रीमती प्रतिभा सिंह, मुख्य विकास अधिकारी मैनपुरी नेहा बंधु, मुख्य विकास अधिकारी फिरोजाबाद शत्रोहन वैश्य, मुख्य विकास अधिकारी मथुरा डा पूजा गुप्ता एवं समस्त मण्डलीय अधिकारी मौजूद रहे।

