फिरोजाबाद। थाना उत्तर क्षेत्र स्थित किशन नगर में रविवार को पैसों के लेनदेन को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि हाथापाई करते हुए दोनों पक्ष सड़क किनारे बने नाले में जा गिरे। नाले में गिरने के बावजूद भी उनके बीच मारपीट जारी रही। इस घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, मैनपुरी निवासी सौरभ शहर में चूड़ी की ठेकेदारी का काम करता है। महादेव नगर, थाना उत्तर निवासी सुमित उसके यहां कार्यरत है। बताया गया है कि सुमित ने सौरभ से अपने बकाया पैसों की मांग की थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों एक-दूसरे को धक्का देते हुए नाले में जा गिरे। नाले में गिरने के बाद भी उनके बीच हाथापाई जारी रही। आसपास के लोगों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह मामला शांत कराया और पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया। थाना उत्तर के इंस्पेक्टर अंजीर कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला पैसों के लेनदेन से संबंधित पाया गया है। सुमित की शिकायत के आधार पर आरोपी ठेकेदार सौरभ के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
