-मटसेना क्षेत्र के सिकहरा गांव की घटना, गंभीर हालत में आगरा रेफर
-पुलिस ने दो नामजद समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया
फिरोजाबाद। दीपावली के दिन जहां चारों ओर खुशियों का माहौल था, वहीं मटसेना क्षेत्र के गांव सिकहरा में मंगलवार दोपहर फिरोजाबाद स्कूल ऑफ नर्सिंग कॉलेज स्थित गौ रक्षा प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय कार्यालय पर हुए गोलीकांड की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बाइक सवार दो दोस्तों ने एक युवक को तमंचे से गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। बुधवार को गौ सेवा प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुरेश चंद्र दक्ष ने अपने कार्यालय पर मीडिया के समक्ष अपनी बात रखते हुए जिला प्रशासन से कार्यालय पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की। उन्होंने चिंता जताई कि उनका बेटा यश वर्धन दक्ष अकेले कार्यालय में रहते है और भविष्य में ऐसी कोई और घटना न हो, इसके लिए प्रशासन ठोस कदम उठाएं।
जानकारी के अनुसार, 18 वर्षीय मानवेंद्र उर्फ मोनू, पुत्र सुखवीर निवासी रसीदपुर कनेटा, मंगलवार दोपहर लगभग तीन बजे फिरोजाबाद स्कूल ऑफ नर्सिंग कॉलेज स्थित गौ रक्षा प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय कार्यालय पर अपने पिता को खाना देने गया था। इसी दौरान गांव सिकहरा निवासी मूला और खेड़ा निवासी संजय बाइक पर वहां पहुंचे। उनके साथ दूसरी बाइक से दो और युवक भी आए थे। किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, तभी मूला ने तमंचा निकालकर मानवेंद्र के ऊपर फायर झोंक दिया, गोली उसकी पीठ के पास लगी। गोली लगते ही मोनू लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।
घटना की जानकारी मिलते ही कॉलेज परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पिता सुखवीर ने तत्काल घायल बेटे को लेकर ट्रॉमा सेंटर फिरोजाबाद पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे आगरा रेफर कर दिया गया। सूचना पर सीओ सदर चंचल त्यागी और थानाध्यक्ष विमलेश कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और घायल से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए। थानाध्यक्ष विमलेश कुमार ने बताया कि पीड़ित के पिता की तहरीर पर दो नामजद सहित चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, उनकी तलाश में पुलिस टीमों को लगा दिया गया है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गौ रक्षा प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ सुरेश चंद्र दक्ष ने घटना पर आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यालय परिसर पर हमला अत्यंत गंभीर मामला है। उन्होने प्रशासन से कार्यालय की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने समय रहते सुरक्षा नहीं बढ़ाई गई, तो भविष्य में ऐसी घटनाऐं दुबारा हो सकती है। जिला प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था बढ़़ाने और दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।