फिरोजाबाद। शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब शादी न होने से नाराज एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक ने टावर पर चढ़ने के बाद खुद ही डायल 112 पर फोन कर पुलिस को इसकी सूचना दी। उसने बताया कि वह शादी न होने के कारण परेशान होकर टावर पर चढ़ा है।
मक्खनपुर थाना क्षेत्र के बिल्टीगढ़ गांव नगला मावसी निवासी राहुल नामक युवक अपनी प्रेमिका से शादी करना चाहता था। शादी की बात न बनने से नाराज होकर वह गांव के पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ने की खबर फैलते ही मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और युवक को समझाने का प्रयास शुरू किया। युवक करीब तीन घंटे तक टावर पर ही बैठा रहा, जिससे पुलिस और ग्रामीणों के बीच काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। काफी समझाने-बुझाने के बाद पुलिस ने युवक को सुरक्षित टावर से नीचे उतार लिया। इसके बाद उसे अपने साथ थाने ले जाया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक चमन शर्मा ने बताया कि युवक अपनी प्रेमिका से शादी करना चाहता था और इसी बात को लेकर नाराज होकर टावर पर चढ़ा था। फिलहाल, उसे समझाकर शांत कराया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
