फिरोजाबाद। जनपद के सभी गैस एजेंसी स्वामियों के साथ डीएम ने बैठक करते हुए कहा कि गैस एजेंसियों के बाहर आम नागरिकों की लम्बी लाइनें किसी भी आधार पर नही लगनी चाहिए, उपभोक्ताओं को सुचारू और समयबद्ध तरीके से गैस सिलेण्डर उपलब्ध कराना एजेंसी मालिकों की जिम्मेदारी है। कालाबाजारी करने पर लाइसेंस रद्द किया जायेगा।
कलैक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी रमेंश रंजन ने कहा कि जिन उपभोक्ताओं के पास पीएनजी (पाइप नेचुरल गैस) के कनेक्शन है, उनकी सघन जांच की जाए। वह अवैध रूप से एलपीजी के सिलेण्डर का उपयोग तो नही कर रहे है, यदि ऐसा पाया जाता है, तो सम्बन्धित के विरूद्ध कार्यवाही की जाएगी। रजिस्टर से प्रतिदिन रैण्डम आधार पर 50 उपभोक्ताओं से टेलीफोन पर वार्ता की जाए, फीडबैक के जरिए यह पुष्टि की जाएगी की गैस सही व्यक्ति तक पहुंच रहीं है या नही, वितरण में कोई अनियमितता तो नही है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जिले में गैस की कालाबाजारी किसी भी स्थिति में स्वीकार नही है, यदि किसी भी गैस एजेन्सी मालिक की, संलिप्तता कालाबाजारी में पाई गयी, तो उसका लाइसेंस तत्काल प्रभाव से रदद् कर दिया जाएगा। जिला पूर्ति अधिकारी को कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी वि/रा विशु राजा मौजूद रहे।

