फिरोजाबाद। जिला उद्योग बंधु की बैठक में जनपद के औद्योगिक विकास और उद्यमियों की समस्याओं का निस्तारण कराने पर विचार किया गया। यूपीडा द्वारा विकसित किये जा रहे, औद्योगिक गलियारे के संबंध में उपायुक्त उद्योग ने अवगत कराया कि यूपीडा द्वारा जनपद में विकसित किया जा रहे हैं, इस गलियारे के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया को आधिकारिक तौर पर प्रारम्भ कर दिया गया है।
मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य ने कहा कि इस प्रक्रिया में पारदर्शिता बरती जाए, अधिक से अधिक उद्यमी जनपद में निवेश कर सकें और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित हों। उद्यमियों की मांग पर जलेसर रोड औद्योगिक क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु 132 केवीए उप केंद्र की स्थापना पर चर्चा हुई। अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड ग्रामीण ने बताया कि वर्तमान में इंडस्ट्रियल एरिया में तीन संयोजन 33 केवीए पर उच्चीकृत है, साथ ही ककरऊ कोठी से कांच उद्योग तक की सभी स्ट्रीट लाइटें क्रियाशील है।
जिससे औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा और सुगमता बढ़ी है। यूपसीडा औद्योगिक क्षेत्र की आरक्षित भूमि पर आधुनिक चिकित्सा सुविधा ईएसआई हॉस्पिटल की स्थापना का अनुरोध किया गया। श्रमिकों और उद्यमियों को बेहतर उपचार मिल सके। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना की समीक्षा में बैंकों द्वारा 1430 लाभार्थियों को ऋण वितरित कर उन्हे स्वरोजगार से जोड़ा गया है। जिन बैंक शाखाओं की प्रगति शून्य है, उनकी सूची उपलब्ध कराऐं।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वि/रा विशु राजा, उद्यमी राजकुमार शर्मा, मुकेश कुमार बंसल (टोनी), पारसा, सिहराज सिंह यादव, संदीप कुमार सहायक आयुक्त उद्योग, तरूण कुमार शर्मा, अतुल शर्मा जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र के अलावा जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

