फिरोजाबाद। फिरोजाबाद उद्योग व्यापार मंडल ने प्रांतीय नेतृत्व के आव्हान पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम संबोधित एक ज्ञापन खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग के कार्यालय पर सौंपा है। जिसमें खाद्य सुरक्षा विभाग के नियमों में व्याप्त विसंगतियों को दूर करने की मांग की है।
महानगर अध्यक्ष अंबेश शर्मा के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग के अधिकारी को सौंप ज्ञापन में कहा है कि वर्तमान समय में कृषि क्षेत्र में कीटनाशकों एवं रासायनिक दवाओं के बढ़ते प्रयोग से जल स्त्रोत तेजी से दूषित हो रहे है। जिससे खाद्यान्न की सुरक्षा पर प्रश्नचिह्न लग रहा है। जिसके परिणाम स्वरूप कैंसर जैसी घातक बीमारियों के बढ़ते मामलों ने समाज के सामने एक गंभीर स्वास्थ्य संकट खड़ा कर दिया है।
खाद्य लाइसेंस एवं मानकों में छोटी-छोटी त्रुटियों पर कठोर दंड का प्रावधान व्यापारियों के लिए अत्यंत चिंताजनक है। ऐसे नियमों में व्यावहारिक सुधार किए जाने चाहिए। जिससे व्यापारियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। ज्ञापन देने वालो ंमें स्वतंत्र गुप्ता, नरेश पंजाबी, सुशील जाट, अजीत लहरी, पारुल गुप्ता, मुन्नालाल गोला, मूलचंद राठौर, रामगोपाल बाजाज, यादराम प्रजापति, सुबोध बघेल, संतोष राठौड़, अनिल शर्मा, प्रवीण शर्मा आदि मौजूद रहे।

