फिरोजाबाद: प्राइवेट नर्सिग होम में ऑपरेशन के बाद नवजात बालिका, प्रसूता की मौत

-परिजनों ने काटा हंगामा, चिकित्सकों पर लगाया लापरवाही का आरोप

फिरोजाबाद: प्राइवेट नर्सिग होम में ऑपरेशन के बाद नवजात बालिका, प्रसूता की मौत

-न्यू कामायनी नर्सिग होम को स्वास्थ्य विभाग ने किया सील

फिरोजाबाद। प्रसव के बाद नवजात बच्ची और प्रसूता की मौत हो गई। प्राइवेट नर्सिग होम के डॉक्टरों की लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों ने अस्पताल में हंगामा काटा। सूचना पर पुलिस पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्राइवेट नर्सिग होम को सील कर दिया है।

थाना नारखी के गांव महीपुरा निवासी आकाश की 26 वर्षीय पत्नी भावना पचौरी को सोमवार रात प्रसव पीड़ा हुई। परिजन ने उसे ओम नगर, कोटला रोड पर स्थित न्यू कामायनी नर्सिग होम में भर्ती कराया। जहां आपरेशन के बाद रात तीन बजे बच्ची पैदा हुई। बच्ची बहुत कमजोर थी। इसकी वजह से कुछ ही देर बाद उसकी सांसे थम गई। कुछ देर बाद महिला की तबीयत बिगड़ी, तो डॉक्टरों ने महिला को आगरा रेफर कर दिया। परिजन उसे आगरा निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे। जहॉ चिकित्सक ने भावना पचौरी को मृत घोषित कर दिया। इससे नाराज परिजन शव लेकर अस्पताल पहुंचे। शव अस्पताल में रखकर हंगामा शुरू कर दिया।

सूचना पर पहुंची थाना उत्तर पुलिस ने परिजनों को समझा बुझाकर शांत कर दिया। एसीएमओ डा.केके वर्मा ने बताया कि अस्पताल पंजीकृत है। लेकिन स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची तो वहां कोई नहीं मिला। इस पर अस्पताल को सील कर दिया गया है। वहीं इस मामले में अस्पताल संचालक डा. अभय गुप्ता के मोबाइल पर काल किया गया, लेकिन उनका फोन नहीं उठा। थाना प्रभारी अंजीश कुमार सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर कार्यवाही की जायेगी।