फिरोजाबाद। प्रापर्टी डीलर ने किसान के साथ धोखाधड़ी कर प्लाट हड़प कर फर्जी रजिस्ट्री करा दी। नगर निगम ने खरीदे प्लाट की चारदीवारी कराई, तो किसान को ठगी का पता चला। इसकी शिकायत करने पर आरोपियों ने पहले दूसरा प्लाट देने का झांसा दिया, लेकिन बाद में फर्जी मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने पुलिस से न्याय गुहार लगाई थी। जब सुनवाई नहीं हुई तो कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया। कोर्ट के आदेश पर रामगढ़ पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना रिजावली के नगला ईश्वरी पोस्ट नगला बीच निवासी नेकसे लाल किसान हैं। वर्तमान में इकदिल, जिला इटावा में रहते हैं। उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनके रिश्तेदार का बेटा रामपाल निवासी बौधाश्रम रोड मुहल्ला खेड़ा थाना उत्तर प्रापर्टी डीलिंग का काम करता है। उसने साजिश के तहत पैसे ठगने के लिए मौजा नैपई थाना रामगढ़ में एक प्लाट दिखाया। इसके बाद 18 मई 2011 को ओमप्रकाश निवासी नगला पान सहाय मौजा टापाखुर्द थाना उत्तर से तहसील सदर में 117.10 वर्ग मीटर के प्लाट की रजिस्ट्री करा दी।
इसके बदले में दोनों ने 1.65 लाख रुपये लिए थे। साथ ही प्लाट की नींव भी भरवाई थी। नेकसे लाल का आरोप है कि चार जुलाई को भगवान निवासी संतोषनगर रैपुरा रोड थाना उत्तर ने उन्हें बताया कि नगर निगम ने उनके प्लाट पर चारदीवारी कर ली है। इस पर पीड़ित रामपाल व ओमप्रकाश के पास गया तो दोनों ने ब्याज के साथ रकम वापस करने या दूसरी जगह प्लाट देने की बात कही। इस पर पीड़ित ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत की। इंस्पेक्टर संजीव दुबे ने बताया कि तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
