फिरोजाबाद: वाद-विवाद प्रतियोगिता में सेंट जॉन्स आगरा ने मारी बाजी

-खेलकूद प्रतियोगिता के विजयी एवं मेधावी छात्राओं को किया सम्मानित

फिरोजाबाद: वाद-विवाद प्रतियोगिता में सेंट जॉन्स आगरा ने मारी बाजी

फिरोजाबाद। दाऊदयाल महिला महाविद्यालय में अंर्तमहाविद्यालयी वाद-विवाद प्रतियोगिता एवं सास्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुती के माध्यम से कार्यक्रम में चार-चॉद लगा दिये। अतिथियों ने मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। 

कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर कामिनी राठौर, प्रबंध समिति की अध्यक्षा माला रस्तोगी, सह-सूचना अधिकारी अंकित, प्राचार्या प्रो रेनू वर्मा, युवा कल्याण अधिकारी मनीष चौधरी, डॉ निशा गुप्ता, प्रो विनीता गुप्ता द्वारा मॉ शारदे, दाऊदयाल, गोपाल चंद्रा, स्व. एस.के. अग्रवाल के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम का आगाज छात्राओं ने सरस्वती वंदना से किया। छात्राओं ने एक से बढ़कर एक शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम में चार-चॉद लगा दिये। वाद-विवाद प्रतियोगिता में आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, सिरसागंज तथा शिकोहाबाद से आईं कुल 13 टीमों ने प्रतिभाग किया।

वाद-विवाद प्रतियोगिता में प्रथम सेंट जॉन्स कॉलेज आगरा, द्वितीय आरबीएस कॉलेज आगरा, सीएल जैन कॉलेज फिरोजाबाद ने तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी बौद्धिकता का परिचय दिया। चल वैजयंती ट्रॉफी सेंट जॉनस कॉलेज को प्रदान की गई। संगीत विभाग द्वारा नृत्य के माध्यम से राधा कृष्ण की झांकी के साथ होली गीत का सफल मंचन किया गया। खेलकूद प्रतियोगिता की विजयी महिला खिलाड़ियों, हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, परास्नातक, बीएड, एमएड तथा डीएलएड स्तर की सभी मेधावी छात्राओं को अतिथियों ने मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। संचालन डा अंजू गोयल, आभार प्रकट डॉ माधवी सिंह ने किया।