फिरोजाबाद: नर्सिंग छात्र-छात्राओं ने पैदल मार्च निकालकर की स्टाइपेंड की मांग

-हाथों में पोस्टर, बैनर लेकर की नारेबाजी, अन्य राज्यों की तर्ज पर यूपी में भी मिले इंटर्नशिप भत्ता

फिरोजाबाद। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय की नर्सिंग छात्र-छात्राओं ने इंटर्नशिप के दौरान स्टाइपेंड दिए जाने की मांग को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया। छात्र-छात्राओं ने हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर पैदल मार्च निकाला तथा नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। प्रदर्शनकारी छात्रों ने उत्तर प्रदेश में भी अन्य राज्यों की तर्ज पर नर्सिंग इंटर्न को स्टाइपेंड दिए जाने की मांग की।

नर्सिंग छात्र-छात्राओं का कहना है कि इंटर्नशिप के दौरान उन्हें अस्पताल में नियमित रूप से ड्यूटी करनी पड़ती है। वार्डों में मरीजों से उनका सीधा संपर्क रहता है। मरीजों की देखरेख, उपचार के दौरान सहयोग, काउंसलिंग सहित अन्य जिम्मेदारियां भी नर्सिंग इंटर्न द्वारा निभाई जाती हैं। इसके बावजूद उन्हें इंटर्नशिप के दौरान किसी प्रकार का स्टाइपेंड नहीं दिया जा रहा है। प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं ने बताया कि वर्तमान समय में बढ़ती महंगाई के कारण इंटर्नशिप के दौरान आने-जाने, रहने और अन्य आवश्यक खर्चों को पूरा करना मुश्किल हो रहा है।

उनका कहना है कि दिल्ली, केरल, मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों में इंटर्नशिप करने वाले नर्सिंग छात्र-छात्राओं को स्टाइपेंड दिया जाता है, लेकिन उत्तर प्रदेश में अभी तक यह व्यवस्था लागू नहीं की गई है। छात्र-छात्राओं ने कहा कि जब वे अस्पताल में मरीजों की सेवा और देखभाल के लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी कर रहे हैं तो उन्हें भी इंटर्नशिप के दौरान आर्थिक सहायता के रूप में स्टाइपेंड मिलना चाहिए। उन्होंने सरकार से मांग की कि अन्य राज्यों में लागू व्यवस्था की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में भी नर्सिंग इंटर्न के लिए स्टाइपेंड योजना लागू की जाए।

Ravi Kumar
Ravi Kumar
Articles: 389

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *