फ़िरोज़ाबाद: गाजे-बाजे के साथ निकली मोक्ष कल्याण की शोभायात्रा

-नवीन जैन मंदिर में मंत्रोच्चारण के मध्य हुई प्रतिमा विराजमान

फ़िरोज़ाबाद: गाजे-बाजे के साथ निकली मोक्ष कल्याण की शोभायात्रा

फ़िरोज़ाबाद। नगर के सेठ छदामीलाल जैन मंदिर में चल रहे पंचकल्याणक महोत्सव में भगवान के मोक्ष कल्याण की शोभायात्रा गाजे-बाजे के साथ निकाली गई। भगवान के गीतों के धुनों पर युवा, महिलाऐं, बच्चे नृत्य कर श्रीजी के जयकारों लगाकर चल रही थी। न्यू तिलक नगर के नव निर्मित जिनालय में प्रतिमा विराजमान की गई। 

पंचकल्यानक के अंतिम दिन आचार्य वसुंनंदी महाराज के सानिध्य में प्रातः जिनालय प्रांगण में पीत वस्त्र धारण किये जिनभक्तों ने भगवान आदिनाथ का मंत्रोंच्चारण के साथ जिनाभिषेक एवं शांतिधारा की। तत्पश्चात् भगवान आदिनाथ की पूर्ण विधि विधान के साथ मोक्ष कल्याणक पूजा अर्चना की गई, जिसमे जनभक्तों ने प्रतिमा के सम्मुख अष्ट द्रव्य के अर्घ्य समर्पित किये। मोक्ष निर्वाण की क्रिया के पश्चात् पंचकल्याणक में विराजित सभी प्रतिमाओं की शोभायात्रा निकाली गई, जो महावीर जिनालय से प्रारम्भ होकर न्यू तिलक नगर स्थित नव निर्मित भगवान पद्मप्रभु जिनालय पहुंची।

शोभायात्रा के पहुंचने के पश्चात् प्रतिष्ठाचार्य आलोक जैन ने पूर्ण विधि-विधान के साथ मंत्रोंच्चारण करते हुए इंद्र स्वरुप जिनभक्तों नेे सभी प्रतिमा को नव निर्मित वेदी में विराजमान कराया। जिन बिम्ब के शिखर पर कलशरोहन कराने के पश्चात् हवन आदि की क्रियायें सम्पन्न हुईं। इस अवसर पर महोत्सव समिति के अध्यक्ष विमलेश जैन, सेठ महावीर जैन, विनोद जैन मिलेनियम, संजय जैन पीआरओ, कुलदीप मित्तल, देवेंद्र जैन, मनीष जैन, आयुष जैन, दिनेश जैन, सुशील जैन, अनुभव जैन, नमन जैन, ऋषभ जैन आदि मौजूद रहे।