फ़िरोज़ाबाद: घटयात्रा के साथ हुआ सिद्ध चक्र महामंडल विधान शुरू

-गाजे बाजे के साथ निकली घटयात्रा

फ़िरोज़ाबाद: घटयात्रा के साथ हुआ सिद्ध चक्र महामंडल विधान शुरू

फ़िरोज़ाबाद। नगर के जैन मंदिरों में घटयात्रा के साथ सिद्ध चक्र महा मंडल विधान का शुभारम्भ हो गया। आठ दिवसीय विधान में जिनालयों में प्रातः पूजा अर्चना की गई तथा शाम को महाआरती एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए।

विधान में प्रातः नित्य नियम श्रीजी का जिनाभिषेक एवं शांतिधारा की गई। पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर जैन नगर खेड़ा में बेंड बाजों के साथ घटयात्रा निकाली गई। आदिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर से प्रारम्भ होकर पार्श्वनाथ मंदिर पहुंची। घटयात्रा में इन्द्राणी का स्वरुप धारण किये हुए अष्ट कुमारियां अपने सर पर स्वर्ण कलश लिए हुए चल रही थीं।

तो वहीं पुरुष जिनभक्त बेंड बाजों की मधुर ध्वनि पर नृत्य करते हुए चल रहे थे। सांगानेर के पाण्डेय रमेश जैन ने मन्त्रोंच्चारण के साथ इंद्र स्वरुप धारण किये हुए प्रकाश चंद्र जैन एवं सचिन जैन के द्वारा ध्वजारोहन कराया। श्रीजी के चित्र का अनावरण राजबहादुर जैन ने किया तथा चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित राम प्रकाश जैन ने किया। विधानाचार्य कैलाश चंद्र जैन ने सौधर्म इंद्र का स्वरुप धारण किये प्रदीप जैन के द्वारा विधान से पूर्व मंगल कलश की स्थापना कराई।