फिरोजाबाद। सीएल जैन महाविद्यालय में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। विज्ञान प्रदर्शनी का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार एवं अनुसंधान के प्रति रुचि विकसित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि महाविद्यालय के प्रबंध समिति के अध्यक्ष सेठ महावीर जैन, महाविद्यालय संरक्षिका अलका जैन, दिव्यांश जैन, प्राचार्य प्रो. जीसी यादव ने मां शारदे के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पा कर किया। वक्ताओं ने कहा कि विज्ञान केवल प्रयोगशाला तक सीमित नहीं है, बल्कि हमारे दैनिक जीवन का अभिन्न अंग है।
उन्होंने विद्यार्थियों को शोध नवाचार और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान के लिए प्रेरित किया। प्रदर्शनी में बीएससी, एमएससी के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न मॉडल व प्रोजेक्ट प्रस्तुत किये। निर्णायक मंडल द्वारा उत्कृष्ट मॉडलों का मूल्यांकन किया गया। धन्यवाद ज्ञापित दीपक कुमार ने किया।

