फिरोजाबाद: 12.66 करोड़ की लागत से फतेहाबाद-फिरोजाबाद मार्ग का होगा चौड़ीकरण

-सदर विधायक ने भूमि पूजन कर रखी निर्माण कार्य की आधारशिला

फिरोजाबाद: 12.66 करोड़ की लागत से फतेहाबाद-फिरोजाबाद मार्ग का होगा चौड़ीकरण

फिरोजाबाद। फतेहाबाद-फिरोजाबाद मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का भूमि पूजन हुआ। इस परियोजना पर 12 करोड़ 66 लाख रुपये की लागत आएगी। गढ़ी तिवारी चौराहे से चंद्रवाड़ गेट मार्ग तक 1 से 6.30 किलोमीटर तक यह कार्य किया जाएगा।

धर्मार्थ योजना के अंतर्गत सदर विधायक मनीष असीजा ने स्वर्ग आश्रम रोड स्थित वनविभाग के सामने 12 करोड़ 66 लाख रूपए से बनने वाले फतेहाबाद-फिरोजाबाद मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का हवन-पूजन कर शुभारम्भ किया। सदर विधायक ने बताया कि छारबाग से गढ़ी तिवारी तक जाने वाला यह मार्ग यमुना पार क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। लंबे समय से स्थानीय निवासियों द्वारा इसके चौड़ीकरण की मांग की जा रही थी। मार्ग संकरा होने के कारण अक्सर जाम और दुर्घटनाएं होती थीं। चौड़ीकरण के बाद यातायात सुगम होगा और आवागमन में लगने वाले समय में कमी आएगी।

यह मार्ग प्राचीन चंद्रवाड़ मंदिर, सूफी शाह की दरगाह और पसीने वाले हनुमान जी मंदिर जैसे धार्मिक स्थलों को जोड़ता है। सड़क चौड़ी होने से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिलेगी, जिससे क्षेत्र में पर्यटन और धार्मिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इस दौरान ऋषि असीजा, सुनील शर्मा, भगवानदास शंखवार, पार्षद सुनील मिश्रा, आशीष यादव, देशदीपक यादव, हरिओम वर्मा, प्रमोद राजौरिया, हरिओम गुप्ता, सत्यवीर गुप्ता, अमित गुप्ता, दीपक गुप्ता कालू, शालू गुप्ता, सतीश चंद्र प्रजापति आदि मौजूद रहे।