फिरोजाबाद। ढाबे से खाना लेकर लौट रहे तीन दोस्तों की बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। पुलिस घायलों को ट्रामा सेंटर लेकर गई। जहां एक युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं दो घायलों का उपचार चल रहा है।
थाना दक्षिण कें मुहल्ला करबला निवासी 55 वर्षीय पुष्पा पत्नी धर्मेन्द्र ने शुक्रवार शाम छह बजे बीमारी से परेशान होकर फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली थी। इस पर आसपास के लोग सांत्वना देने के लिए उनके घर पर जुटे थे। पुष्पा के बेटे अंशु के पास मुहल्ले के दो साथी 28 वर्षीय विजय और छोटू भी बैठे थे। रात एक बजे घर में बच्चे को भूख लगी। इस पर विजय, अंशु और छोटू बाइक से ढाबे से खाना लाने के लिए निकले थे। वे खाना लेकर लौट रहे थे।
आगरा गेट पुलिस चौकी के पास पहुंचे थे कि उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को ट्रामा सेंटर लाया गया। जहां चिकित्सक ने विजय को मृत घोषित कर दिया। वहीं अंशु और छोटू गंभीर रूप से घायल हैं। उनका ट्रामा सेंटर में उपचार चल रहा है।
हादसे में मृत विजय जयपुर में प्राइवेट नौकरी करता था। वह दीपावली पर घर आया था। तब से नहीं गया था। शनिवार को उसे ड्यूटी पर वापस जाना था। लेकिन उससे एक दिन पहले दुर्घटना में उसकी मृत्यु हो गई।
