फिरोजाबाद: बकरी चराने गई महिला का चरी के खेत में मिला शव

-गला घोंटकर फेंका गया शव, दो बेटे और बेटियों की मां थी मृतका

फिरोजाबाद। थाना फरिहा क्षेत्र में एक महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी। उसके गले में फंदा कसा हुआ था। वह शनिवार शाम से लापता थी। चरी के खेत में उसका शव पड़ा हुआ मिला। मृतका दो बेटों और दो बेटियों की मां थी। परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी है। 

थाना फरिहा क्षेत्र के गांव लखी जंगल निवासी 40 वर्षीय रामलली पत्नी ब्रह्मजीत परिजनों के मुताबिक शनिवार शाम को बकरी चराने के लिए गई थी। उसके बाद घर वापस लौटकर नहीं आई। देर शाम तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश की लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चल सका।

रविवार को उसका पति गुमशुदगी दर्ज कराने के लिए थाने पहुंचा। जहां बाद में ग्रामीणों ने एक चरी के खेत में महिला का शव पड़ा देखा और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने शव की शिनाख्त रामलली के रूप में की। सूचना मिलने पर मौके पर परिजनों के साथ ही ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

एसपी ग्रामीण त्रिगुण विशेन भी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। इंस्पेक्टर राजीव राघव ने बताया कि महिला के गले में फंदा कसा हुआ था। गले पर चोट के निशान पाए गए हैं। मृत्यु का कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। वहीं, परिजनों ने गांव के ही युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। मृतक चार बच्चों की मां थी। मृतका का पति खेती करता है।