फिरोजाबाद: बेटी को छोड़कर आ रहे पिता को मारी गोली

-खेत के विवाद में दबंगों ने चलाई गोली, घायल को पुलिस ने अस्पताल में कराया भर्ती

फिरोजाबाद। थाना फरिहा क्षेत्र में बेटी को ससुराल छोड़कर आ रहे पिता को दबंगों ने गोली मार दी। जिसमें वह घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है। घायल के पुत्र ने खेत के विवाद में गोली मारने का आरोप लगाया है।

थाना फरिहा क्षेत्र के गांव हिम्मतपुर निवासी 45 वर्षीय उर्वेश पुत्र नेपाल सिंह अपनी बेटी को अवागढ़ ससुराल छोड़ने के लिए गए थे। घायल व्यक्ति के छोटे पुत्र गौरव ने बताया कि उनके पिता साइकिल से वापस अपने घर लौट रहे थे। तभी गांव के समीप उन्हें गोली मार दी। उन्होंने गांव के ही भूरे उर्फ राजकुमार पुत्र रमेश चंद्र पर गोली मारने का आरोप लगाया।

पुत्र ने बताया कि वह आरोपी के खेत को पट्टे पर लेकर खेती करते थे। इसी के विवाद को लेकर कुछ दिन पहले आरोपी ने उन्हें मारने की धमकी दी थी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है। वही इंस्पेक्टर थाना फरिहा का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घायल को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। गोली उनके बाजू में लगी है।