फिरोजाबाद: छात्राओं को दिया गया आत्मरक्षा का प्रशिक्षण

-भावुक ताइक्वांडो एकेडमी व जायंट्स ग्रुप ग्लास सिटी ने लगाया शिविर


फिरोजाबाद। सेवा सप्ताह के तहत जायंट्स ग्रुप ऑफ फिरोजाबाद ग्लास सिटी एवं भावुक ताइक्वांडो एकेडमी के संयुक्त तत्वावधान में महावीर नगर में आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बालिकाओं को आत्मरक्षा के विभिन्न तकनीकी गुर सिखाए गए। 

प्रशिक्षक भावुक यादव ने छात्राओं को बताया कि आत्मरक्षा न केवल शारीरिक सुरक्षा के लिए, बल्कि आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए भी जरूरी है। शिविर के दौरान छात्राओं ने न केवल आत्मरक्षा के व्यावहारिक अभ्यास किए, बल्कि इसके महत्व को भी समझा। जायंट्स ग्रुप ग्लास सिटी के अध्यक्ष दिनेश राजा ने कहा कि शिविर का उद्देश्य समाज में सुरक्षा, जागरूकता और सहयोग की भावना को बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि लड़कियों को आत्मनिर्भर बनाना हमारी प्राथमिकता है और ऐसे आयोजन समय-समय पर होते रहने चाहिए। जानवी कुलश्रेष्ठ ने कहा कि आज पहली बार मुझे आत्मरक्षा के इतने आसान और असरदार तरीके सीखने को मिले। महक शर्मा ने बताया कि यह शिविर बहुत उपयोगी रहा और इससे उनका आत्मविश्वास काफी बढ़ा है। इसाना जैन ने कहा कि यह सिर्फ ताइक्वांडो नहीं था, बल्कि आत्मबल बढ़ाने का प्रशिक्षण था। अपूर्वा ने कहा कि यह अनुभव प्रेरणादायक रहा। कनक ने बताया कि वह आत्मरक्षा के महत्व को अब सही मायनों में समझ पाई हैं। शिविर के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किये गये।