फिरोजाबाद। भाजपा महानगर द्वारा सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी संगोष्ठी का आयोजन भाजपा कार्यालय पर किया गया। जिसमें वक्ताओं ने स्वदेशी उत्पादों को अपने जीवन में अपनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह चैहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य कर रहे हैं और वोकल फॉर लोकल का आह्वान कर देश के 140 करोड़ लोगों से भारतीय उत्पादों को अपनाने की प्रेरणा दे रहे हैं। हर घर स्वदेशी आत्मनिर्भर भारत का मूल मंत्र है, आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए स्वदेशी उत्पादों का प्रयोग अनिवार्य है और भाजपा का यह अभियान देशवासियों को भारतीय जीवन मूल्यों और स्थानीय उत्पादों के प्रति जागरूक करेगा।
देशभर में स्वदेशी उत्पादों और भारतीय जीवन मूल्यों को अपनाने का सशक्त संदेश देगा। महानगर अध्यक्ष डॉ. सतीश दिवाकर ने कहा कि 2047 के विकसित भारत का रास्ता आत्मनिर्भरता से होकर गुजरता है। भाजपा द्वारा आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान 25 सितम्बर से 25 दिसम्बर तक भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती तक चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। संगोष्ठी संयोजक महानगर महामंत्री राधेश्याम यादव रहे।
सेवा पखवाड़ा संयोजक डॉ. एसपी लहरी ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक एक विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया है और इस लक्ष्य की प्राप्ति का मार्ग आत्मनिर्भर भारत से होकर गुजरता है। 90 दिनों के इस अभियान के दौरान, भाजपा कार्यकर्ता लोगों से संपर्क करेंगे और उन्हें स्वदेशी उत्पादों का समर्थन करने और उन्हें खरीदने के लिए प्रोत्साहित करेंगे। संगोष्ठी का संचालन महानगर उपाध्यक्ष रामनरेश कटारा ने किया।
इस दौरान डॉ लक्ष्मी नारायण यादव, राजेंद्र बोहरे, कन्हैयालाल गुप्ता, विष्णु सक्सेना, सत्यवीर गुप्ता, रविंद्र शर्मा, ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव, शैलेंद्र गुप्ता शालू, दीपक गुप्ता कालू, आकाश गुप्ता, यतेंद्र चक पिंकी, केशव फौजी, उदय प्रताप सिंह, सुरेंद्र राठौर, राजकुमार छब्बर, आनंद अग्रवाल, प्रमोद बघेल, योगेंद्र सिंह बाबा, अनुपम शर्मा, आकृति सहयोगी आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।