फिरोजाबाद। थाना टूंडला क्षेत्र के बन्ना आश्रम के समीप खाना बनाते समय गैस सिलेंडर लीक होने से कमरे में आग लग गई। जिसके चलते महिला गंभीर रूप से झुलस गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना टूंडला क्षेत्र के बन्ना आश्रम निवासी गीता देवी पत्नी राजराम घर के एक कमरे में रखे गैस सिलेंडर पर खाना बनाने के लिए गई थी। परिजनों ने बताया कि जैसे ही उन्होंने माचिस जलाई, अचानक से आग लग गई। आग की लपटों में गीता देवी घिर गई और गंभीर रूप से झुलस गई। चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
60 प्रतिशत तक झुलसी महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पति ने बताया कि गैस सिलेंडर से गैस लीक हो रही थी, जो कमरे में भर गई थी। जैसे ही उनकी पत्नी ने खाना बनाने के लिए गैस चालू की वैसे ही अचानक से आग लग गई।