फिरोजाबाद। सनातन धर्म रामलीला महोत्सव समिति लेबर काॅलौनी द्वारा मर्यादा पुरूषोत्तम प्रभु राम की भव्य रामबारात शोभायात्रा गाजे-बाजे के साथ चंद्रवार गेट स्थित संतोषी माता मंदिर से निकाली गई। शोभायात्रा में केरल से आई झांकिया मुख्य आकर्षण का केंद्र रही।
लेबर काॅलौनी की रामबारात का शुभारम्भ नगर विधायक मनीष असीजा, महापौर कामिनी राठौर ने प्रभु राम, लक्ष्मण की आरती उतारकर किया। शोभायात्रा चंद्रवार गेट स्थित संतोषी माता मंदिर से प्रारम्भ हुई। जो कि अग्रवाल धर्मशाला, कोटला मौहल्ला, स्टेशन रोड रेलवे पुल होते हुए लेबर काॅलौनी सिथत संतोषी माता मंदिर जनकपुरी पर पहुंचकर सम्पन्न हुई। वहीं जनकपुरी को दुल्हन की तरह सजाया गया।
शोभायात्रा में सबसे आगे भगवान गणेश का डोला, उसके बाद शंकर पार्वती, खाटू श्याम, नरसिंह भगवान, कैलादेवी, राधाकृष्ण, शेर पर सवार माॅ दुर्गा, शेषनाग पर कृष्ण भगवान, कमल पर विराजमान ब्रहमाजी, महर्षि बाल्मीकी झांकी के अलावा केरल की झांकिया मुख्य आकर्षण का केंद्र रही। वहीं फूलों से सजे रथ में माता जानकी विराजान रही।
भरत और शत्रुधन का डोला, राम व लक्ष्मण का डोला विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। शोभायात्रा मार्ग को रंग-बिरंगी विद्युत झालरों से सजाया जायेगा। शोभायात्रा का मार्ग में रामभक्तों द्वारा फूलों की वर्षा कर स्वागत किया गया और भगवान राम की आरती उतारी। शोभायात्रा में काली अखाड़े, ऊॅट घोड़े अपनी कला का प्रदर्शन कर चल रहे थे।
शोभायात्रा में सनातन धर्म रामलीला महोत्सव समिति लेबर काॅलौनी के अध्यक्ष श्रीनिवास शर्मा, मीडिया प्रभारी पंकज भारद्वाज, रामबरात संयोजक तरूण दत्त बंसल, मेला संयोजक सोनू सिंह, मेला प्रभारी मंयक भटनागर, व्यवस्थापक गौरी शंकर शर्मा, महिला मेला संयोजक मधुरिमा वशिष्ठ, जनकपुरी प्रभारी राजीव शर्मा, राकेश शंखवार, रंजीत शर्मा, लक्ष्मीकांत शुक्ला, कैलाश गोस्वामी, श्यामू पांडे, सुनील वर्मा, सुनील भारद्वाज, सिद्धार्थ त्रिपाठी, संजीव वशिष्ठ आदि मौजूद रहे।