फिरोजाबाद। समाजवादी पार्टी के सांसद अक्षय यादव रविवार को एटा रोड पर एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आए। जहां उन्होंने सांसद निधि से बनाई गई सड़क का शिलान्यास किया। वहीं, सपा कार्यालय का भी उद्घाटन किया। उन्होंने पत्रकारों से वार्ता करते हुए बीजेपी सरकार पर निशाना भी साधा।
दोपहर पौने तीन बजे पहुंचे सांसद अक्षय यादव ने फीता काटकर सीसी सड़क का शुभारंभ किया। उसके बाद वह सपा के राष्ट्रीय सचिव महाराज सिंह धनगर द्वारा बनाए गए आवास और कार्यालय पर पहुंचे। जहां उन्होंने पत्रकारों के सवालों के जवाब दिए।
बरेली में आई लव मोहम्मद को लेकर हुए बवाल के सवाल पर उन्होंने कहा कि विवाद जबर्दस्ती का बनाया हुआ है। कोई अपने भगवान से प्यार करता है तो उसमें क्या गलत क्या है। मुझे कृष्ण भगवान पसंद हैं, तो आई लव कृष्ण जी भी कह सकता हूं। इसमें विवाद नहीं होना चाहिए। यह जबर्दस्ती परेशान करने के लिए मुद्दा बनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा कहे गए कि जिन बच्चों के हाथों में कलम होनी चाहिए, उनके हाथों में आई लव मोहम्मद का पोस्टर देकर अराजकता फैलाई जा रही है के सवाल पर उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा कापी किताब खींचने का काम यदि किसी ने किया है तो वह भाजपा सरकार ने किया है। सबसे पहले जो स्कूल खुले थे। उन्हें बंद करने का काम, शिक्षा के नाम पर कोई नया काम नहीं किया। न तो स्कूल, कालेज और न यूनिवर्सिटी खोल रहे हैं। जो मूल मुद्दे हैं शिक्षा, रोजगार उन पर चर्चा नहीं की जाती।
भाजपा वाले मुद्दे से भटकाना चाहते हैं और कुछ नहीं है। मुख्यमंत्री के कथन उपद्रव करने पर बिना मांगे जहन्नुम का टिकट करा देंगे के सवाल पर उन्होंने कहा कि देना है तो अच्छी शिक्षा दो, अच्छी सड़कें दो, रोजगार दो। नौकरियों के पेपर लीक हो जाते हैं। उन्हें रोकने के काम करो। अच्छी चीजें दोगे तो स्वागत भी करेंगे।
आजम खान के बीएसपी में जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि बीजेपी डर गई है। इसलिए फालतू की बातें की जा रही हैं। ऐसा कुछ नहीं है। इस मौके पर राष्ट्रीय सचिव महाराज सिंह धनगर, संदीप यादव, चंद्रवीर सिंह, उदयवीर पौनियां, गजराज सिंह, अमित सिंह, भोला यादव, मीना राजूपत, ममता निषाद, नौरंग सिंह यादव आदि उपस्थित रहे।