फिरोजाबाद। जैन मंदिर तिराहे पर यातायात पुलिस टीम ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन हेतु विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बिना हेलमेट, दोपहिया वाहन चलाने वाले लोगों को रोका गया और उन्हें हेलमेट वितरित कर एवं गुलाब का फूल देकर सुरक्षित यात्रा करने के लिए प्रेरित किया गया।
सीओ यातायात चंचल त्यागी ने जानकारी दी कि यातायात माह के दौरान कुल 20,653 चालान किए गए। पीडब्ल्यूडी और परिवहन विभाग के सहयोग से जिले में ब्लैक स्पॉट चिन्हित करने का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है, ताकि हादसों को कम किया जा सके। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि हेलमेट केवल चालान से बचने का तरीका नहीं, बल्कि जीवन रक्षा का सबसे मजबूत साधन है।
उन्होंने वाहन चालकों से तेज रफ्तार से बचने, यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर सावधानी बरतने की अपील की। इस अभियान को स्थानीय लोगों ने सराहा और इसे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया। अभियान में यातायात प्रभारी महेश सिंह के साथ यातायात की टीम मौजूद रही।

