फिरोजाबाद: जमीनी विवाद में बुजुर्ग को मारी गोली, गंभीर घायल

फिरोजाबाद। एक बुजुर्ग व्यक्ति को जमीनी विवाद के चलते गोली मार दी गई। घायल की पहचान चन्दन सिंह के रूप में हुई है, जो नगला टीका राम थाना नसीरपुर के निवासी हैं।

घटना उस समय हुई जब शनिवार देर रात चन्दन सिंह शहर से अपने गांव वापस लौट रहे थे। घायल को पहले शिकोहाबाद जिला संयुक्त चिकित्सालय लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वही गोली लगने से घायल हुए वृद्ध ने जानकारी देते हुए बताया कि गांव के ही कुछ लोगों से जमीन को लेकर उनका विवाद चल रहा है। इस विवाद में आरोपियों ने उन पर गोली चला दी। पीड़ित ने नामजद लोगों पर गोली मारने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में जुटी है।

इंस्पेक्टर थाना नसीरपुर का कहना है कि गोली चलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। घायल को अस्पताल लाया गया। मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।