फिरोजाबाद। जायंट्स ग्रुप ऑफ फिरोजाबाद ग्लास सिटी द्वारा एक जरूरतमंद परिवार की बालिका को पढ़ाई का पूरा पाठ्यक्रम एवं शैक्षणिक सामग्री प्रदान की गई। यह प्रयास इस उद्देश्य से किया गया कि आर्थिक तंगी के कारण उसकी पढ़ाई बाधित न हो और वह शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़ी रहे।
ग्रुप की प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर कल्पना राजौरिया ने बताया कि विगत वर्ष उनके संज्ञान में आया था कि रामनगर में तीन बालिकाएं हैं, जो अनाथ हैं और उनका कोई रिश्तेदार भी नहीं है। बालिकाएं चूड़ी आदि का काम करके अपनी आजीविका चलाती हैं। तब उन्होंने एक शिक्षिका सरस्वती राठौर के माध्यम से बालिकाओं से मुलाकात की और आर्यन मॉडर्न पब्लिक स्कूल के सहयोग से उसकी शिक्षा को जारी रखते हुए बालिका को शिक्षण सामग्री उपलब्ध करवाई। इस वर्ष भी बालिका की समस्त शिक्षण सामग्री उपलब्ध करवाते हुए उन्हें शिक्षा के महत्व को विस्तार से समझाया।
उन्होंने बताया कि एक बालिका शिक्षित होती है तो वह केवल खुद नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को भी जागरूक बनाती है। अतः पढ़ाई कैसे भी बंद नहीं करनी है। संस्था अध्यक्ष दिनेश राजा ने बताया कि हमारे ग्रुप का यह प्रथम सेवा कार्य है, जो प्रोजेक्ट कॉर्डिनेटर कल्पना राजौरिया के सौजन्य से हो रहा है। हमारा ग्रुप आगे भी ऐसे सेवा कार्य करता रहेगा। ग्रुप के प्रशासनिक निदेशक मृदुल पाराशर ने भी बच्ची का उत्साहवर्धन किया और आश्वस्त किया कि भविष्य में भी ऐसे जरूरतमंद बच्चों की मदद के लिए संस्था सदैव तत्पर रहेगी।