फिरोजाबाद: किसान नेता को प्रधान पुत्र ने गोली मारी, हालत गंभीर

फिरोजाबाद: किसान नेता को प्रधान पुत्र ने गोली मारी, हालत गंभीर

फिरोजाबाद। विवाद को लेकर बाइक पर सवार भाकियू भानू नेता को प्रधान के पुत्र ने गोली मारकर घायल कर दिया। घायल किसान नेता का अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

थाना एका क्षेत्र के नगला पसी गांव में भारतीय किसान यूनियन (भानु) के जिला उपाध्यक्ष सीटू यादव को गांव की प्रधान राजवती देवी के पुत्र सतेंद्र ने अपने साथियों के साथ मिलकर गोली मार दी। सीटू यादव बाइक से गांव के रास्ते से गुजर रहे थे, तभी सतेंद्र अपने साथियों के साथ स्कॉर्पियो से वहां पहुंचा। गाड़ी तेज गति से निकालने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और सतेंद्र ने अपने साथियों के साथ मिलकर किसान नेता पर फायरिंग कर दी। गोली सीधे सीटू यादव के सीने के दाहिनी ओर लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।

घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए उन्हें आगरा के लिए रेफर कर दिया। फिलहाल सीटू यादव का इलाज आगरा में चल रहा है। अचानक हुए इस हमले से ग्रामीणों और किसानों में भारी आक्रोश है।

वहीं, पुलिस ने घटना के बाद आरोपित सतेंद्र व उसके साथियों की तलाश शुरू कर दी है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है। आरोपितों की पहचान हो चुकी है, उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर दबिश दी जा रही है।