फिरोजाबाद: कोर्ट मैरिज के डेढ़ साल बाद युवक ने लगाई फांसी

-पत्नी के छोड़कर जाने के बाद उठाया आत्मघाती कदम

फिरोजाबाद। थाना उत्तर क्षेत्र में कोर्ट मैरिज के डेढ़ साल बाद युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घर में ही उसका शव फंदे पर लटका मिला। मृतक की पत्नी शुक्रवार को उसे छोड़कर चली गई थी। इसके बाद से ही वह अवसाद में था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। 

थाना उत्तर क्षेत्र के कुशवाह नगर सत्कार टाकीज के पास कोटला रोड निवासी 25 वर्षीय दीपक कुमार ने घर से थोड़ी ही दूर रहने वाली मालती देवी से कोर्ट मैरिज की थी। मालती देवी ही यह तीसरी शादी थी। इससे पहले भी वह दो पतियों को छोड़ चुकी है। शनिवार को दीपक का शव घर में ही फंदे से लटका मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।

मृतक के तयेरे भाई अंशुल कुमार ने बताया कि परिजनों से बगावत करके उसने मालती के साथ डेढ़ साल पहले कोर्ट मैरिज की थी। उसके छह माह का बच्चा भी था। किसी बात को लेकर उसका मालती से विवाद हुआ था। उसके बाद शुक्रवार को मालती बिना बताए घर से बच्चे को साथ लेकर चली गई। उसके बाद युवक ने आज यह आत्मघाती कदम उठा लिया। मृतक चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। पिता की पहले ही मौत हो चुकी है।

इंस्पेक्टर संजुल पांडे का कहना है कि पारिवारिक क्लेश में युवक ने आत्महत्या की है। उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। तहरीर प्राप्त होने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।