फिरोजाबाद: कुर्री कूपा में नई ग्राम प्रधान का हुआ चुनाव

-सपना देवी को 15 में से 11 सदस्यों का मिला समर्थन, पूरन चंद्र को चार वोट मिले

फिरोजाबाद। गांव कुर्री कूपा में इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश पर नए ग्राम प्रधान का चुनाव संपन्न हुआ। एसडीएम सदर सतेंद्र कुमार की अध्यक्षता में पंचायत घर में आयोजित बैठक में सपना देवी को बहुमत के साथ ग्राम प्रधान चुना गया।

शनिवार को सुबह 10ः30 बजे आयोजित बैठक में कुल 15 ग्राम सदस्य मौजूद थे। मतदान में सपना देवी को 11 सदस्यों का समर्थन मिला। उनके प्रतिद्वंद्वी पूरन चंद्र को केवल 4 वोट मिले। यह चुनाव पिछली ग्राम प्रधान ज्ञान देवी के 19 जून 2025 को निधन के बाद कराया गया। इससे पहले 18 अगस्त 2025 को भी ग्राम प्रधान के चुनाव को लेकर एक बैठक हुई थी। हाईकोर्ट के निर्देश के बाद यह चुनाव प्रक्रिया पूरी की गई।

ग्राम पंचायत सचिव सत्या सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर यह बैठक बुलाई गई थी। इस बैठक में ग्राम सदस्यों ने मतदान किया था। इनमें से 11 सदस्यों ने सपना देवी को अपना वोट दिया। बहुमत अधिक होने के चलते सपना देवी को ग्राम प्रधान चुना गया है। सुरक्षा को लेकर व्यापक पुलिस फोर्स लगाया गया था।