फिरोजाबाद: लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर एंबुलेंस डीसीएम से टकराई, सात घायल

फिरोजाबाद। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह एक हादसा हुआ। दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल से एक शव लेकर जा रही एंबुलेंस डीसीएम से टकरा गई। चालक को नींद आने से यह हादसा हुआ। हादसे में एंबुलेंस में सवार सात लोग घायल हो गए। चालक मौके से फरार हो गया। एंबुलेंस में प्रतापगढ़ जिले के गढ़ी मानिकपुर क्षेत्र निवासी 80 वर्षीय कालूराम का शव था। 

घटना नगला खंगर क्षेत्र के माइलस्टोन 60.650 पर हुई। यूपीडा एंबुलेंस ने सभी घायलों को जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद घायलों और शव को दूसरी एंबुलेंस से गंतव्य के लिए रवाना किया गया। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। कुछ समय तक एक्सप्रेस-वे पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।

स्थानीय लोगों ने चालक की लापरवाही को हादसे का कारण बताया। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है। इंस्पेक्टर थाना नगला खंगर का कहना है कि संभावित चालक को झपकी आने की वजह से यह घटना घटित हुई है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।