फिरोजाबाद। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें संवैधानिक अधिकारों, महिला सुरक्षा कानूनों और लोक अदालतों की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी गई।
जेवी इंटर कॉलेज अलीनगर कैंजरा में आयोजित पराविधिक स्वयंसेवक कल्पना राजौरिया ने बताया कि 13 दिसंबर को लोक अदालत का आयोजन जिला न्यायालय परिसर किया जायेगा। लोक अदालत में किसी तरह की अदालत फीस नहीं देनी पड़ती और दोनों पक्षों की सहमति से विवादों का निपटारा किया जाता है। जिसमें वाहन दुर्घटना, बिजली बिल, बैंक ऋण, वैवाहिक विवाद, श्रम मामले और भूमि विवाद जैसे अनेक मामलों का निपटारा लोक अदालतों में आसानी से किया जा सकता है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण समाज के कमजोर वर्गों जैसे महिलाएं, बच्चे, गरीब, वरिष्ठ नागरिक और दिव्यांगजन को मुफ्त कानूनी सहायता प्रदान करता है। प्रधानाचार्य डा. अजीत सिंह ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम छात्राओं में आत्मविश्वास और अधिकारों की समझ बढ़ाते हैं। इस अवसर पर डा. जितेंद्र कुमार, राजीव राम, विनोद कुमार सिंह, कंचन शुक्ला, वंदना, शवा खान, नीतू, कृष्ण बिहारी और सूर्यकांत वाजपेयी आदि शिक्षक उपस्थित रहे।

