फिरोजाबाद। जायंट्स ग्रुप ऑफ महिला शक्ति द्वारा गंगा दशहरा एवं निर्जला एकादशी के उपलक्ष्य में जिला अस्पताल में सैकड़ों मरीजों व उनके तीमारदारों को शिकंजी व आम का वितरण किया गया।
संस्था अध्यक्षा प्राची अग्रवाल ने कहा कि प्यासे को पानी पिलाना बहुत ही पुण्य का कार्य होता है। निर्जला एकादशी पर स्वयं निर्जल व्रत रख कर जल का भरा हुआ घड़ा दान करने से व शीतलता प्रदान करने वाले फलों का दान करने से सुख और यश की समृद्धि होती है। सबसे पहले जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ नवीन जैन व डॉ अभिषेक द्वारा शिकंजी वितरण प्रारंभ किया गया। उन्होंने महिला शक्ति के सेवा कार्यों की और विभिन्न क्षेत्रों में योगदान की बहुत प्रशंसा की।
प्रशासनिक निर्देशिका रीना गर्ग ने बताया कि अस्पताल में मौजूद सैकड़ों मरीजों व उनके तीमारदारों को शिकंजी व आम वितरित किए गए। वित्त निदेशिका दीपा अग्रवाल ने बताया कि इस सेवा कार्य का पूरा आयोजन ग्रुप की सदस्याओं के सहयोग से किया गया। इस दौरान यूनिट डायरेक्टर अनु बंसल, पूर्व अध्यक्षा बिना चैहान, मंजू सिंह, ऊषा पाराशर, नीता गुप्ता उपाध्यक्ष, सीमा अग्रवाल, गौरी बंसल, लवली तैलंग, निक्की नरूला, पूनम अग्रवाल, तनु बंसल आदि मौजूद रहे।