फिरोजाबाद: मंडलायुक्त आगरा ने स्मार्ट सिटी के अंतर्गत शहर में चले रहे विकास कार्यो का लिया जायजा

-मैनपॉवर बढ़ाने के साथ ही कार्य को ससमय पूरा करने के दिए निर्देश

-आने वाले समय में शहर में दिखेगा विकास कार्य, दूर होंगी समस्या

फिरोजाबाद। मंडल आयुक्त आगरा शैलेंद्र कुमार सिंह मंगलवार को जिले के दौरे पर आए हैं। उन्होंने गांधी पार्क स्थित पालीवाल हॉल में सौंदर्यीकरण की प्रगति देखी। उन्होंने कार्यदायी संस्था को जल्द कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद जिला मुख्यालय स्थित सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक की। 

सुहागनगरी पहुंचे मंडलायुक्त ने शहर में चल रहे विकास कार्यो का निरीक्षण किया। सर्वप्रथम उन्होंने ककरऊ कोटी स्थित निर्माणाधीन नगर निगम के जोनल ऑफिस का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्य धीमी गति मिलने पर मैनपॉवर बढ़ाने के साथ ही भवन निर्माण को ससमय पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं मंडलायुक्त ने भारत सरकार द्वारा 97 लाख की लागत से निर्मित ग्रीन क्रीमीटोरियम का निरीक्षण किया। क्रीमीटोरियम पूरी तरह गैस आधारित है, इसलिए इससे किसी प्रकार का कोई पर्यावरणीय प्रदूषण नहीं होगा।

इसके बाद मंडलायुक्त ने गांधी पार्क के साथ ही पालीवाल हाल का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य को समय से गुणवत्तापूर्वक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर भर में जगह-जगह विकास कार्य हो रहे हैं। आने वाले समय में आपको विकास कार्य नजर आएंगे। मानसून में जलभराव की समस्याएं आती हैं। उन्हें दूर करने के लिए निर्देश दिए गए हैं। ड्रेनेज सिस्टम को बेहतर बनाने और उसकी सफाई कराए जाने के भी निर्देश दिए गए हैं। वह शहर में कराए जा रहे विकास कार्यो का जायजा लेने आए हैं। जहां कमियां नजर आ रही हैं। उन्हें दूर करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।

नालों की तलीझाड़ सफाई कराई गई है, जिससे जलभराव की समस्या न हो। इसके बाद भी जिन क्षेत्रों में जलभराव हो रहा है। वहां भी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए जाने पर जोर दिया गया है। निरीक्षण उपरांत उन्होंने मुख्यालय स्थित सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक की। इस मौके पर डीएम रमेश रंजन, नगरायुक्त रिषी राज, मेयर कामिनी राठौर, उपसभापति विजय शर्मा, पार्षदगण सहित जिले भर के अधिकारी उपस्थित रहे।