फिरोजाबाद। विकास भवन के एनआईसी हॉल में त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन हेतु निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण कार्यक्रम के लिए जिलाधिकारी रमेश रंजन के निर्देशन में बीएलओ और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए मास्टर ट्रेनर्स को प्रथम प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
अपर जिलाधिकारी विशु राजा ने निर्वाचक नामावली की महत्ता बताते हुए सभी मास्टर ट्रेनर्स को नवीन जानकारियां साझा कीं। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कृष्ण मोहन सिंह ने सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, अतिरिक्त सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, समन्यवक, सह समन्यवक, पर्यवेक्षक और बीएलओ की नियुक्ति सम्बन्धी प्रशिक्षण प्रदान किया।
मुख्य प्रशिक्षक अश्वनी कुमार जैन ने सभी मास्टर ट्रेनर्स को सभी अधिकारियों के दायित्वों की चर्चा करते हुए बताया कि बीएलओ को निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण के लिए दिए गए क्षेत्र में घर-घर जाकर पुनरीक्षण का कार्य करना है। जिसमे उन्हें गणना पत्र संलग्नक 11 पर सभी प्रविष्टियों को भरना है।
इसके साथ ही उन्होंने परिवर्धन सूची, संशोधन सूची और विलोपन सूची के संलग्नक 16, 17 और 18, आलेख्य के प्रकाशन प्रपत्र 1, दावे एवं आपत्ति प्रपत्र 2, 3, 4, 5 एवं उसकी रसीद प्रपत्र 6 की विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए सभी महत्वपूर्ण तिथियों एवं आम जनमानस के लिए निर्वाचक नामावली के लिए प्रकाशन तक का प्रशिक्षण प्रदान किया।
सह जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी अंकित कुमार ने इ-बीएलओ एप की जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर जिला परियोजना अधिकारी सुभाष चंद्र त्रिपाठी, जिला विद्यालय निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय एवं समस्त मास्टर ट्रेनर्स उपस्थित रहे।