फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत रविवार को जनपद में महिला पुलिस की एक भव्य बाइक रैली का आयोजन किया गया। इस रैली को अपर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करना है। इसी क्रम में आयोजित महिला पुलिस बाइक रैली का मकसद समाज में नारी शक्ति के प्रति सम्मान और जागरूकता को और मजबूत करना है। रैली के दौरान महिला पुलिस कर्मियों ने जगह-जगह रुककर महिलाओं और बालिकाओं को महिला हेल्पलाइन नंबर (1090, 181, 112, 1076, 1098) की जानकारी दी और साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए। साथ ही महिलाओं को आत्मरक्षा, कानूनी अधिकार और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
अपर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन ने कहा कि “मिशन शक्ति फेज-5.0 केवल सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य महिलाओं को जागरूक, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है। महिला पुलिस की यह बाइक रैली साहस और शक्ति का प्रतीक है, जो समाज को संदेश देती है कि महिलाएँ हर क्षेत्र में सक्षम हैं। यह रैली पूरे जिले में निकाली गई, जिसे आम जनता ने भी खूब सराहा। लोगों ने जगह-जगह महिला पुलिस कर्मियों का उत्साहवर्धन किया।
आयोजन से स्पष्ट संदेश गया कि महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण ही समाज की असली शक्ति है। वहीं भारतीय उद्योग व्यापार मंडल महानगर अध्यक्ष प्रशांत माहेश्वरी के नेतृत्व में घंटाघर पर अपर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ का स्वागत किया ।
वहीं महिला सुरक्षा बाइक रैली पर व्यापारियों द्वारा पुष्प वर्षा की गई। इस दौरान जिलाध्यक्ष रामनरेश कटारा, महिला जिलाध्यक्ष अनुपम शर्मा, भरत गोयल, अमित गुप्ता, सौरव वर्मा, राजा गुप्ता, निकेश जैन, अतीश गुप्ता, सचिन गुप्ता आदि मौजूद रहे।