फिरोजाबाद। नगरीय सेवाएं और अवस्थापना निकाय परियोजनाओं के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में निर्गत वित्तीय स्वीकृतियों की समीक्षा की गई। जिसमें मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के अंतर्गत कराएं जा रहे विकास कार्यो में गति देने के निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट सभागार कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक जिलाधिकारी रमेश रंजन ने नगर पालिका परिषद शिकोहाबाद द्वारा मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के अंतर्गत प्रस्तावित 199.64 लाख की लागत से कराए जा रहे कार्यों को स्वीकृति प्रदान की। नगर पालिका सीमांतर्गत स्मृति, थीम, चिल्ड्रन पार्क, मनोरंजन पार्क एवं वेस्ट टू वंडर पार्क के 203.79 लाख के प्रस्तावित कार्यों को स्वीकृति नहीं दी।
डीएम ने इन कार्यों को पुनः एक बार समीक्षा कर ली जाए, इसके उपरांत इसकी स्वीकृति प्रदान की जाएगी। नगर पालिका परिषद टूंडला में नगरोदय योजना के अंतर्गत 508.20 लाख की लागत से कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया गया, सिरसागंज में 653.49 लाख की लागत से 12 कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया गया। जसराना में 211.41 लाख की लागत से सात कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया।
नगर पंचायत फरिहा में 430.96 लाख की लागत से 12 कार्यों का वितरण प्रस्तुत किया गया। वहीं नगर पंचायत मक्खनपुर के पंचायत भवन में 18.85 लाख की लागत से बन रही पांच दुकानों के निर्माण कार्य को स्वीकृति नहीं प्रदान की। इस दौरान अपर जिलाधिकारी विशु राजा के साथ समस्त अधिशासी अधिकारी आदि उपस्थित रहें।