फिरोजाबाद: नाले के पास मिला लापता युवक का शव

-पत्नी के मायके जाने के बाद से था लापता

फिरोजाबाद। थाना दक्षिण क्षेत्र में एक युवक का शव नाले किनारे से बरामद हुआ है। वह पत्नी के मायके जाने के बाद से लापता था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। 

थाना दक्षिण क्षेत्र के हिमायूंपुर नाले के समीप रविवार को एक युवक का शव पड़ा हुआ मिला। सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने काफी प्रयासों के बाद शव की शिनाख्त हिमायूंपुर बगीची निवासी 30 वर्षीय सतीश के रूप में की। मौके पर पहुंचे मृतक के भाई ताराचंद्र ने बताया कि शनिवार को उसकी पत्नी अपने मायके गई थी।

वह पत्नी और दो बच्चों के साथ यहां रहता था। पत्नी के मायके जाने के बाद से ही वह कहीं चला गया। उसके बाद घर वापस लौटकर नहीं आया। सारी रात उसकी तलाश की गई, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चला। रविवार को उसका शव नाले के किनारे पड़ा मिला है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।

इंस्पेक्टर योगेंद्र पाल सिंह का कहना है कि युवक का शव नाले किनारे से बरामद हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। तहरीर प्राप्त होने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।