फिरोजाबाद: निगम कार्यकारिणी का चुनाव में मीडिया को बाहर निकालने पर धरने पर बैठे पार्षद

फिरोजाबाद। मंगलवार को नगर निगम की कार्यकारिणी का चुनाव नगर निगम के जीवाराम हाल में चल रहा है। वहीं, उस हाल के बाहर बीजेपी के साथ विपक्ष के पार्षद धरने पर बैठ गए। नगर निगम प्रशासन द्वारा मीडिया को चुनाव प्रक्रिया स्थल से बाहर निकाले जाने के बाद वह नाराज हो गए। उन्होंने नगरायुक्त पर मनमानी का आरोप लगाया है।

नगर निगम परिसर में कार्यकारिणी के चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। जिसमें कवरेज करने के लिए मीडिया कर्मी हाल के अंदर पहुंचे तो उन्हें बाहर निकाल दिया गया। इसी बात से नाराज होकर वार्ड नंबर 28 के पार्षद हरिओम गुप्ता, वार्ड नंबर 50 के पार्षद अजय गुप्ता, वार्ड नंबर 25 के पार्षद मुनेंद्र यादव, वार्ड नंबर 57 के पार्षद शारिक सलीम, वार्ड नंबर 20 के पार्षद मनोज शंखवार, वार्ड नंबर 40 के पार्षद देश दीपक यादव और वार्ड नंबर 52 के पार्षद इमरान मंसूरी बाहर धरने पर बैठ गए।

उन्होंने नगरायुक्त पर मीडिया से सच छिपाने का आरोप लगाते हुए विरोध जताया। पार्षदों का कहना है कि नगरायुक्त रिषीराज के द्वारा मीडिया के बैठने की जगह पर उन्हें कक्ष से बाहर निकाल दिया। इससे स्पष्ट होता है कि चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी की जा सकती है। हम जनता की आवाज उठाने के लिए नगर निगम में आते हैं। जनता ने चुनकर हमें यहां भेजा है।

जब हम उनकी बातों को उठा ही नहीं सकते तो फिर हमारा यहां आने का औचित्य ही क्या है। हम पहली बार ऐसा देख रहे हैं कि जब चुनाव प्रक्रिया के दौरान मीडिया को बाहर निकाला गया है। धरने पर बैठने वालों में चार बीजेपी और तीन विपक्ष के पार्षद हैं। इस मामले में नगरायुक्त रिषीराज से पक्ष लेने के लिए फोन किया गया लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।