फिरोजाबाद। ओम हॉस्पीटल में सोमवार को एले सैंटे सेंटर का उद्घाटन किया गया। यह उत्तर प्रदेश का पहला ऐसा केंद्र है, जो महिलाओं के स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और सौंदर्य को समर्पित है। विश्व प्रसिद्ध वेलनेस श्रृंखला का यह फ्रेंचाइज़ फिरोजाबाद में अत्याधुनिक चिकित्सा सेवाएं प्रदान करेगा।
सदर विधायक मनीष असीजा ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर केंद्र का शुभारंभ किया। इस अवसर पर दिव्य प्रेम सेवा मिशन, हरिद्वार के अध्यक्ष डॉ. आशीष गौतम और फिरोजाबाद नगर निगम की महापौर कामिनी राठौर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
मुख्य वक्ता प्रो. (डॉ.) नवनीत मैगन, जो आईसीसीजी के डीन और वेलनेस सेंटर के संस्थापक हैं। उन्होंने केंद्र के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इसका लक्ष्य महिलाओं को उनके शरीर, स्वास्थ्य और आत्मविश्वास के प्रति सजग और सशक्त बनाना है। आधुनिक तकनीक और संवेदनशील चिकित्सा के माध्यम से महिलाओं को नया आत्मबल प्रदान करना ही उनका ध्येय है। कार्यक्रम में स्त्री रोग विशेषज्ञों ने रिकंस्ट्रक्टिव एवं कॉस्मेटिक गायनेकोलॉजी से जुड़ी नवीनतम तकनीकों पर चर्चा की।
डॉ. पूनम अग्रवाल ने बताया कि यह केंद्र महिलाओं को सुरक्षित, गोपनीय और आरामदायक वातावरण में विश्वस्तरीय उपचार प्रदान करेगा। यहां उच्च-प्रशिक्षित विशेषज्ञों की टीम नवीनतम और प्रमाणित तकनीकों का उपयोग करेगी। साथ ही कहा कि वेलनेस सेंटर विश्व की सबसे बड़ी रिकंस्ट्रक्टिव एवं कॉस्मेटिक गायनेकोलॉजी क्लिनिक चेन है। इसके केंद्र गुरुग्राम, मुंबई, हैदराबाद, रोहतक, आगरा, रायपुर, विशाखापट्टनम जैसे प्रमुख शहरों के साथ अब फिरोजाबाद में भी उपलब्ध हैं।
केंद्र द्वारा योनि कसाव और कायाकल्प जैसी प्रमुख सेवाएं प्रदान की जाएंगी, जिनका उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास और शारीरिक संतुष्टि को बढ़ाना है। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रिजुल अग्रवाल ने किया। डॉ. गौरव अग्रवाल और सेंटर हेड डॉ. पूनम अग्रवाल ने सभी उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया।