फिरोजाबाद। थाना उत्तर क्षेत्र के कैलाश नगर गली नंबर एक में एक युवक ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। परिजन उसे फंदे से उतारकर अस्पताल लेकर आएं, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार 25 वर्षीय आशु दुबे पुत्र पप्पू उर्फ राजेश दुबे निवासी गोंडी, थाना बरनाहल, मैनपुरी ने गृह कलह से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक आशु दुबे इन दिनों अपने चाचा मनोज दुबे के घर गुड़गांव से मिलने आया हुआ था। सोमवार सुबह करीब 8ः30 बजे परिजनों ने देखा कि वह कमरे के अंदर फांसी के फंदे पर लटका हुआ है।
सूचना पर क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजन उसे नीचे उतारकर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना दक्षिण प्रभारी संजुल पांडे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक क्लेश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि आशु दुबे बीते कुछ समय से पारिवारिक तनाव में था और इसी के चलते उसने यह कदम उठा लिया। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

