फिरोजाबाद। शहर के मध्य स्थित सात दशक पुराना घंटाघर जल्द ही नए रूप में नजर आएगा। नगर निगम ने इसके कायाकल्प के लिए शासन से मंजूरी प्राप्त कर ली है।
आगरा की एक आर्किटेक्ट फर्म ने पेरिस के एफिल टावर से प्रेरित डिजाइन तैयार की है। नया घंटाघर सड़क के बीच चार पिलर पर स्थापित किया जाएगा। इसके सौंदर्य को बनाए रखने के लिए आसपास भूमिगत विद्युतीकरण का काम किया जाएगा। बिजली विभाग ने इस परियोजना के लिए 70 लाख रुपये की कार्य योजना प्रस्तुत की है। नगर निगम ने इस योजना को मंजूरी देते हुए आवश्यक धनराशि बिजली विभाग को जारी कर दी है।
बृहस्पतिवार को महापौर कामिनी राठौर और नगर आयुक्त ऋषिराज ने स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ मुख्य अभियंता मनीष कुमार सिंह और एक्सईएन आशीष शुक्ला भी उपस्थित रहे। वर्तमान में घंटाघर जर्जर स्थिति में है और इसका नवीनीकरण आवश्यक हो गया था।
महापौर कामिनी राठौर ने बताया कि इसके निर्माण में कुल एक करोड़ 20 लाख रुपए का खर्चा आएगा, लेकिन इसके काम के पूरा हो ने के बाद घंटाघर दूर से ही चमकने लगेगा। इस कार्य के होने से फिरोजाबाद शहर की सुंदरता भी बढ़ जाएगी।