फिरोजाबाद: पीड़ित महिलाओं को दिलाया जाएगा न्याय-मीना कुमारी

-महिला आयोग की सदस्या ने सुनी पीड़ितों की समस्याएं

फिरोजाबाद। महिला आयोग की सदस्या ने पीड़ित महिलाओं की व्यथा को सुना और संबंधित अधिकारियो को पीड़ित महिलाओं की समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए। 

निरीक्षण भवन पर महिला आयोग की सदस्या मीना कुमारी ने बुधवार को महिलाओं की सहायता और पुनर्वास हेतु समस्त व्यवस्था करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि जो भी पीड़ित महिलाएं, आपके पास आती हैं, उनके कष्ट का निवारण तुरंत करें। 


इसके बाद महिला आयोग की सदस्या ग्राम दौकेली स्थित आंगनबाड़ी केंद्र को देखने गई, जहां उन्होंने लाभार्थी महिलाओं की गोद भराई की तथा बच्चों को अन्नप्राशन भी कराया। साथ ही उन्होंने वहां के बच्चों को खिलौने की किट का वितरण भी किया।

इसके बाद उन्होंने जिला कारागार का निरीक्षण किया, जहां पर उन्होंने बंदी महिलाओं से उनकी व्यथा को सुना। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी मुख्यालय रामानुज शुक्ला, जिला प्रोबेशन अधिकारी मिथिलेश कुमार सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी आदि अधिकारी उपस्थित रहे।